पानीपत। अवैध रूप से शराब बेचने के आरोपी ने निंबरी गांव में एक शराब ठेके में घुसकर सेल्समैन पर चाकू से हमला कर 25 हजार रुपये लूट लिए। आरोपी ने पुलिस को मुखबिरी के शक में अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घायल सेल्समैन का जिला नागरिक अस्पताल में इलाज कराया गया। इसकी शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में तीन आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोनीपत के गढ़वाल गांव निवासी नवनीत राणा ने बताया कि वह सोनू शहरमालपुर के निंबरी गांव स्थित शराब ठेके पर बतौर सेल्समैन काम करता है। 21 सितंबर को पुलिस ने अनिल निवासी निंबरी को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा था। उसकी 23 सितंबर को जमानत हो गई थी। अनिल उस पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगा रहा था। अनिल 23 सितंबर की रात को अपने साथी सुनील, सतीश व टीना के साथ शराब ठेके में आया। आते ही उस पर इन्होंने चाकू से हमला कर दिया। यह ठेके से 25 हजार रुपये लूटकर ले गए। जाते जाते वह उन्हें जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं।