पानीपत। सहारनपुर के जैनपुर निवासी एक युवक को पानीपत के डाडौला गांव में शादी समारोह में आकर हर्ष फायरिंग करना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल होने के बाद पहले सहारनपुर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया। जांच में वीडियो पानीपत का मिलने के बाद सहारनपुर एसएसपी के पत्र पर पानीपत एसपी ने संज्ञान लिया। एसपी के आदेश पर पानीपत में आरोपी युवक के खिलाफ दूसरा केस दर्ज किया गया है।
सहारनपुर के एसएसपी ( वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) डॉ. विपिन ताड़ा ने पत्र में बताया है कि 23 फरवरी को हर्ष फायरिंग करते हुए युवक की वायरल वीडियो के आधार पर थाना नांगल में एक रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वीडियो की जांच कराई गई तो सामने आया कि 16 जून 2021 को पानीपत के गांव डाडौला निवासी अमित की गांव में शादी थी, जिसमें सहारनपुर के जैनपुर गांव निवासी सिद्धार्थ अपने दोस्त वरुण के साथ गया था, जहां पर सिद्धार्थ ने वरुण के जीजा डाडौला गांव निवासी नरेश की लाइसेंसी पिस्टल लेकर हर्ष फायर किया। उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मामले में पानीपत की सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं ुपुलिस की ओर से नरेश का लाइसेंसी पिस्टल का लाइसेंस रद करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।