इसराना। पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर गांव शाहपुर में जवाहरा मोड़ के नजदीक बुधवार शाम को दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में उत्तर प्रदेश निवासी एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से घायल युवक को इसराना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के गांव नाथूपुर निवासी सुंदर किसी निजी कार्य से बाइक पर जवाहरा से शाहपुर आ रहा था। हाईवे पर जवाहरा मोड़ के समीप सामने से आ रही एक अन्य बाइक के अचानक टर्न लेने के कारण दोनों बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में सुंदर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसराना थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल के बयान व शिकायत प्राप्त होते ही नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद