मतलौडा। कुराना गांव के पास एक कार ने बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। युवक अपने मामा के घर सोने के गांव छतेरा जा रहा था। मतलौडा थाना पुलिस ने मृतक के चाचा के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी कार चालक की धरपकड़ में जुटी है।
गांव अटावला निवासी कर्मवीर ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसका भतीजा अमन (22) अपने रविवार शाम को मामा के घर गांव छतैहरा, सोनीपत जा रहा था। जब वह गांव कुराना से आगे रजबाहे के पास पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ़्तार कार ने उसकी बुलेट मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी कार चालक वहां से फरार हो गया। उनके गांव के सचिन ने उन्हें कॉल कर हादसे की सूचना दी। वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वह अमन को लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।