बापौली। निंबरी-बापौली रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने सामने की टक्कर में एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार युवक वहां से फरार हो गया। मृतक युवक के भाई की शिकायत पर चांदनी बाग थाना पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल सवार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस आरोपी मोटरसाइकिल चालक की धरपकड़ में जुटी है।
निंबरी गांव निवासी मनजीत ने बताया कि वह दो भाई हैं। वह अपने छोटे भाई संजीत (28) के साथ खेती करता था। उसके पिता जय भगवान की कई साल पहले मौत हो चुकी है। संजीत 19 अगस्त को अपनी मोटरसाइकिल पर बापौली रोड पर खेत में जा रहा था। रास्ते में दूसरी मोटरसाइकिल ने संजीत की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। हादसे में संजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके गांव का ही अनिल बापौली रोड पर टहल रहा था। उसने यह हादसा होते हुए देखा। उसने आरोपी मोटरसाइकिल चालक को रोकने का प्रयास किया लेकिन वह भाग लिया। उन्होंने संजीत को सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार शाम को उसकी मौत हो गई। आरोपी मोटरसाइकिल चालक की पहचान उग्रा खेड़ी गांव निवासी अमित के रूप में हुई है। उनकी पुलिस से मांग है कि आरोपी अमित पर कार्रवाई की जाए।