गांव करहंस वासी राहुल का फाइल फोटो।
समालखा। दिल्ली-अंबाला रेल लाइन पर करहंस-खलीला रोड स्थित निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक दो बाइकों की टक्कर में महिला सरपंच के देवर के लड़के राहुल (29) की मौत हो गई। समालखा थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनाें को सौंप दिया।
करहंस गांव रवि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रविवार को शाम करीब 7:30 बजे खलीला जाने वाले रोड पर गया था। उसी समय उसका भाई राहुल अपनी बाइक पर सवार होकर खलीला की तरफ जा रहा था। वह उससे तकरीबन दो एकड़ दूर था। इसी दौरान खलीला की तरफ से तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रही अन्य बाइक ने उसके भाई की बाइक को साइड मार दी। हादसे में राहुल बाइक सहित निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज के पास खाई में गिर गया। जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरा युवक बाइक सहित मौके से भाग गया। समालखा थाना पुलिस सूचना मिलते ही पहुंची। करहंस की सरपंच सुखबीरी देवी ने बताया कि उनके देवर के लड़के राहुल की एक साल पहले शादी हुई थी।
पुलिस ने रवि के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने सामान्य अस्पताल समालखा में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में मोटरसाइकिल सवार की तलाश की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दीपक, प्रभारी, थाना पुलिस समालखा।