पानीपत। जीटी रोड पर बड़ौली गांव मोड़ के पास थ्री व्हीलर वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर भतीजा मौके पर पहुंचा और घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बड़ौली गांव निवासी दलबीर ने बताया कि बुधवार को सुबह करीब नौ बजे वह किसी काम से जा रहा था, जब वह बड़ौली मोड पर पहुंचा तो उसे खून से लथपथ हालत में उसका ताऊ कर्मा पड़ा मिला। उसके सिर से खून निकला था। स्थानीय लोगों की मदद से वह ताऊ को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों बताया कि एक थ्री व्हीलर चालक एक्सीडेंट करके भाग गया है। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात थ्री व्हीलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।