समालखा। मनाना गांव के अंकुर (21) की वीरवार रात करीब आठ बजे दशहरा देखकर लौटते समय दिल्ली-अंबाला रेल लाइन पर नारायणा फाटक के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। जीआरपी के जांच अधिकारी भगत राम ने बताया कि वीरवार रात करीब आठ बजे एक युवक दिल्ली-अंबाला रेल लाइन पर नारायण फाटक पार कर रहा था। इसी समय पानीपत से दिल्ली की तरफ मालगाड़ी आ गई। युवक की मालगाड़ी की टक्कर लगने से मौत हो गई। जीआरपी ने शव की शिनाख्त मनाना गांव के अंकुर के रूप में की। परिजन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अंकुर सोनीपत के बहालगढ़ स्थित एक कंपनी में काम करता था। उनके पिता खेतीबाड़ी करते हैं।