पानीपत। ठगों ने नंद विहार कॉलोनी के एक युवक को पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर ठग लिया। ठगों ने उससे अपने खाते में 5.11 लाख रुपये डलवा लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जाटल रोड स्थित नंद विहार निवासी अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि तीन अगस्त को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉलकर्ता ने उसे पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया। उसने कहा कि अगर वह टेलीग्राम पर टास्क पूरे करेगा तो उसे पैसे मिलेंगे। उसने टास्क के लिए उससे पैसे मांगे। उसने चार बार में उसके खाते में 5.11 लाख रुपये डाल दिए। इसके बाद उसका उनसे संपर्क नहीं हुआ। उसके साथ ठगों ने साइबर ठगी की है।