पानीपत। युवा स्नातक की पढ़ाई के लिए दिल्ली व चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में जाना चाहते हैं। इन्होंने यूनिवर्सिटी में स्नातक कक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया है। इनमें से कुछ विद्यार्थियों ने दिल्ली व चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के साथ स्थानीय कॉलेजों में भी आवेदन किया है। दिल्ली व चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में आवेदन करने वाले ज्यादातर युवा 95 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले हैं।
जिले में सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा के करीब 16 हजार विद्यार्थी पास हुए हैं। शहर के तीन सरकारी सहायता प्राप्त समेत 11 कॉलेजों में करीब 15 हजार सीटें हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक कॉलेज हैं। स्थानीय कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। युवा इसके साथ दिल्ली व चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में भी आवेदन कर चुके हैं। साक्षी और आरती ने बताया कि उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में स्नातक की पढ़ाई करने का फैसला लिया है। इसके लिए आवेदन कर दिया है। उनका दिल्ली यूनिवर्सिटी के किसी अच्छे कॉलेज में आसानी से दाखिला हो जाएगा। दिल्ली यूनिवर्सिटी में कोर्स और विषय अधिक हैं। यहां भविष्य की संभावनाओं के विषयों में पढ़ाई की जा सकती है।
चिराग और विनायक ने बताया कि उन्होंने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करनी है। इसके लिए आवेदन कर दिया है। उनका चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में दाखिला हो जाएगा। इन सबके साथ स्थानीय कॉलेजों में भी आवेदन किया है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में दाखिला नहीं मिलता है तो वे स्थानीय कॉलेज में आसानी से दाखिला ले सकते हैं।
स्थानीय कॉलेजों में 19 तक आवेदन
प्रदेश के कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं में दाखिला लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने इस बार आवेदन की तारीख बढ़ाकर 19 जून कर दी है। एक जानकार ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय में ऑनलाइन आवेदन के दिनों में ही प्रदेश में भी अंतिम दिन था। काफी युवा दिल्ली यूनिवर्सिटी में आवेदन नहीं कर पाए हैं। ऐसे युवाओं को अब आवेदन का अवसर मिल जाएगा।
वर्जन :
दिल्ली व चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में भी युवा स्नातक के लिए आवेदन करते हैं। इनमें से काफी वापस स्थानीय कॉलेजों में प्रवेश लेने आते हैं। ये दूसरी या तीसरी कट ऑफ के समय दाखिला लेने का प्रयास करते हैं। उस समय दाखिला लेने में काफी दिक्कत आती है। युवाओं को स्थानीय कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए ध्यान देना चाहिए।
- डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी पीजी कॉलेज
वर्जन :
स्थानीय कॉलेजों में अच्छे कोर्स और विषय हैं। इनमें ट्रेडिशनल के साथ प्रोफेशनल कोर्स भी हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने के बाद अब कौशल विकास के भी कोर्स कॉलेजों में हैं। युवाओं को अपने कॉलेजों में दाखिला लेना चाहिए।
- डाॅ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य पीजी कॉलेज।