पानीपत। सीआईए-1 पुलिस टीम ने चोरी के एक आरोपी का गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपी कुराड़ निवासी साहिल उर्फ चौटाला है।
सीआईए-1 प्रभारी वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम शनिवार को गश्त के दौरान चौटाला रोड पर रसलापुर मोड़ के पास मौजूद थी। इस दौरान उन्होंने मोटर साइकिल पर आए युवक को रोककर उसके दस्तावेज मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि ये मोटरसाइकिल उसने एक अक्तूबर को समालखा कोर्ट के पास से चोरी की है। इस संबंध में मुंशीराम निवासी आजाद नगर समालखा की शिकायत पर थाना समालखा में प्राथमिकी दर्ज है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मोटरसाइकिल चोरी की दो अन्य वारदातों का खुलासा हुआ। उससे तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ पहले से ही नौ प्राथमिकी दर्ज हैं। ब्यूरो