बापौली। खोजकीपुर गांव में तीन दिन पहले हुए झगड़े की रंजिश में एक युवक ने गांव के ही युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। आरोपी युवक की हत्या कर शव के पास ही बैठ गया। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को मौके पर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने इस वारदात की सूचना बापौली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने यहां लोगों से पूछताछ की और आरोपी को हिरासत में लिया। एफएसएल ने मौके से खून के नमूने जुटाए। पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वारदात वीरवार सायं करीब चार बजे की है। परिजनों के अनुसार खोजकीपुर गांव निवासी संजय कुमार (28) दो भाइयों में छोटा था। संजय का गांव के ही राजेश के साथ पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। तीन दिन पहले भी दोनों की गांव के अड्डे पर कहासुनी हुई थी। वीरवार शाम को संजय व राजेश का आमना सामना हो गया। दोनों के बीच हाथापाई हो गई। आरोप है कि राजेश ने चाकू से संजय के पेट में एक के बाद तीन बार वार किया। हमले में गंभीर रूप से घायल संजय जमीन पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राजेश वारदात को अंजाम देकर वहीं पर बैठ गया। उसके हाथ में चाकू था। लोगों ने उसको पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया । अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
वर्जन-
बापौली पुलिस थाना प्रभारी जाकिर हुसैन ने बताया कि आरोपी राजेश को हिरासत में लिया गया है। उसके पास से चाकू बरामद किया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। पूरे मामले की जांच की जा रही है।