पानीपत। ठगों ने कुटानी गांव निवासी युवक को ऑनलाइन घर बैठे पैसे कमाने का झांसा देकर 5.09 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने ऑनलाइन टास्क पूरे करने के नाम पर युवक से अपने खाते में पैसे डलवाए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुटानी गांव निवासी कमल ने बताया कि उसके पास 26 मई को व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया था। जिसमें उसे घर बैठे काम कर पैसे कमाने के बारे में बताया गया था। फिर वह व्हाट्सएप पर काम के लिए अज्ञात से चेटिंग करने लगा। उसने पास टेलीग्राम पर एक लिंक आया। उसने लिंक पर क्लिक किया। उसको होटल की फोटो देखकर उनको रेटिंग देकर पैसे कमाने के लिए कहा गया। उसने रेटिंग देना शुरू कर दिया। उसको इसके बदले पैसे मिलने लगे। फिर उसको ऑनलाइन टास्क पूरे करने को कहा गया। उससे ऑनलाइन टास्क पूरे करने के लिए ठगों ने अपने खाते में 5.09 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। उसको बाद में पता चला कि ठगों ने उसको बातों में फंसाकर उससे ठगी की है।