पानीपत। एसडी पीजी कॉलेज की बीएससी लाइफ साइंस (प्रथम वर्ष) की छात्रा याशिका ने जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वे अब राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाएंगी। प्रतियोगिता का आयोजन आर्य पीजी कॉलेज में हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी परिषद ( एचएससीएसआईटी ) द्वारा कराया गया। याशिका ने नीति, ग्रह और लोग सिर्फ लाभ नहीं विषय पर निबंध लिखकर यह उपलब्धि हासिल की।
प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने शनिवार को कॉलेज में छात्रा का स्वागत किया। उन्हाेंने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न काॅलेजों के लगभग 125 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। याशिका ने बताया कि नीति, ग्रह और लोग सिर्फ लाभ नहीं यह एक ऐसा वाक्यांश है जो बताता है कि किसी भी कार्य में केवल लाभ के बजाय नीति और मानवीय संबंधों पर ध्यान देना चाहिए। डॉ. राहुल जैन ने कहा कि राज्य में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रचार-प्रसार के लिए नीतियों और कार्यक्रमों का विकास करना परिषद का मूल उद्देश्य है। परिषद विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान और विकास परियोजनाओं के लिए उदार निधि भी उपलब्ध कराती है।