पानीपत। अगर आपके बच्चे आगंनबाड़ी या मिड डे मील का राशन खा रहे हैं तो सचेत हो जाएं। बच्चों के खाने से पहले राशन की जांच पड़ताल अवश्य कर लें। एक बार फिर से शहर में आगंनबाड़ी के राशन से कीड़े मिले हैं। इस राशन से बने खाने को खाकर बच्चे बीमार भी हो गए हैं। जब अभिभावकों को इसका पता चला तो वे आगंनबाड़ी केंद्र से सबूत के तौर पर कुछ राशन भी ले आए। उन्होंने जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है। मामला वार्ड तीन के अंतर्गत आने वाले तहसील कैंप एरिया के दुष्यंत नगर का है।
बताया जा रहा है कि आगंनबाड़ी केंद्र पर आए आटे में कीड़े, सुरसी और चूहों का मल भरा मिला है। इस आटे से बच्चों को पूरियां बनाकर खिलाई गईं, जिससे कुछ बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। अभिभावकों ने इसकी पड़ताल शुरू की तो वे हैरान रह गए। दुष्यंत नगर निवासी मनोज और उनकी पत्नी सोनिया को जब इसकी भनक लगी वे आगंनबाड़ी केंद्र से कुछ आटा उधार मांग लाए। घर आकर पड़ोसियों के सामने इसे छलनी से साफ किया तो इसमें कीड़े मिले। इससे सभी में रोष बना हुआ है। दूसरी ओर जब आगंनबाड़ी वर्कर को इसका पता चला तो वह शिकायकर्ता के घर पहुंची और जमकर बवाल मचाया। बताया जा रहा है कि वर्कर ने दंपती को धमकी भी दी है। विदित हो कि इससे पहले लाल बत्ती चौक स्थित मॉडल संस्कृति स्कूल के मिड डे मील के राशन में भी कीड़े और एक्सपायरी डेट का दूध मिल चुका है। इस पर महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी डॉ. श्रेया मिड्डा ने बताया कि अभी मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वे सीडीपीओ के माध्यम से इसकी जांच करवाएंगी। अगर राशन में गड़बड़ी मिलती है तो इसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।