पानीपत। बदमाशों व झपटमारों से शहर आतंकित है। हर रात को औसतन एक व्यक्ति के साथ लूट की वारदात हो रही है। वीरवार रात को उझा से अपने गांव मच्छरौली जा रहे एक श्रमिक से मारपीट कर बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल व 10400 रुपये लूट लिए। बदमाश वारदात को अंजाम देकर समालखा की ओर फरार हो गए। श्रमिक ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल की। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ की लेकिन वह फरार होने में कामयाब हो गए। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
मच्छरौली गांव निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वह उझा गेट के पास कृष्णा एंटरप्राइज में नौकरी करता है। वीरवार की रात वह 11 बजे फैक्ट्री से निकला था। उसके साथ सिवाह गांव का गुड्डू भी था। उसने गुड्डू को उसके सिवाह गांव स्थित घर पर छोड़ दिया। वह मच्छरौली गांव की ओर चल पड़ा। जब वह संजय गांधी अस्पताल के पास पहुंचा तो वह लघु शंका के लिए रुक गया। इसी वक्त तीन लड़के एक मोटरसाइकिल पर आए। आते ही इन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसकी जेब से 10400 रुपये निकाल लिए और उसकी मोटरसाइकिल भी छीन ली। ।