पानीपत। काबड़ी रोड अर्जुन नगर स्थित एक निर्माणाधीन फैक्टरी में पुराना शेड टूटने से ऊपर काम कर रहे मजदूर की गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने ठेकेदार और फैक्टरी मालिक को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने शेड पुराना होने की बात पता होने के बावजूद बिना किसी उपकरण के ऊपर काम करने के लिए भेज दिया। पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने बेटे की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। करनाल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
गोपाल कॉलोनी निवासी मुबारक ने बताया कि उसके पिता सलीम पुत्र मेहरुदीन मेहनत मजदूरी करते करते थे। वह 30 जून को घर से काम के लिए निकले थे। वह काबड़ी रोड अर्जुन नगर स्थित निर्माणाधीन फैक्टरी में काम करने के लिए गए थे। फैक्टरी में शेड का काम चल रहा था। ठेकेदार अनुज और मालिक वीरभान ने बिना किसी सेफ्टी उपकरण के उन्हें शेड के ऊपर काम करने के लिए भेज दिया। पुराना शेड टूट गया और वह नीचे आ गिरे। हादसा ठेकेदारों की लापरवाही से हुआ। वह अपने पिता को कल्पना चावला अस्पताल लेकर गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बेटे ने बताया कि पिता इस फैक्टरी में पिछले 20 दिन से काम करते थे। वह चार बच्चों के पिता थे। पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने बेटे की शिकायत पर ठेकेदार और मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।