माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पुरानी शुगर मिल के पास स्थित एफसीआई के गोदाम में काम के दौरान जनरेटर से करंट लगने के कारण बिहार के बेगूसराय निवासी श्रमिक राममूर्ति (45) की मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह उस समय हुआ, जब वह गोदाम में मजदूरी कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके बिहार से पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक के चचेरे भाई शंकर शर्मा ने बताया कि राममूर्ति राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करते थे।
शनिवार को वह एफसीआई गोदाम में एक दीवार पर प्लास्टर कर रहे थे। इसी दौरान वह जनरेटर बंद करने के लिए गए। जैसे ही उन्होंने जनरेटर बंद करने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आ गए। साथियों ने उन्हें जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना मॉडल टाउन प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वे बिहार से पानीपत के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।