पानीपत। औद्योगिक थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में नागल खेड़ी बस अड्डे के पास जीटी रोड हाईवे पार करते समय फैक्टरी श्रमिक कुलदीप (28। को करनाल की ओर से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी जिससे कुलदीप की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसा सोमवार रात को हुआ।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ रिसालू रोड सेक्टर-29 में रहते हैं और सिवाह गांव के पास फैक्टरी में काम करते हैं। उनका बेटा कुलदीप भी फैक्टरी में काम करता था। सोमवार शाम को वह आठ बजे काम खत्म करने के बाद वापस लौट रहे थे। जैसे ही नांगल खेड़ी अड्डे पर पहुंचे तो वह दुकान से सामान खरीदने लगे। इसी बीच कुलदीप हाईवे पार करने लगे तो करनाल साइड से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। औद्योगिक थाना सेक्टर-29 प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। ब्यूरो