पानीपत। पानीपत रिफाइनरी में काम करते समय एक मजदूर भारी भरकम पाइपों के नीचे दब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। थाना सदर पुलिस ने इसमें इत्तफाकिया कार्रवाई की है और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं रिफाइनरी के पीआरओ विवेक शर्मा ने रिफाइनरी में हादसे की कोई जानकारी न होने की बात कही है।
मूलरूप से बिहार के कहरा गांव जिला लखीसराय निवासी विकास (25) पानीपत रिफाइनी में एक ठेकेदार के यहां काम करता था। वह शुक्रवार को लोहे के बड़े पाइप उतरवा रहा था। इनकी लंबाई 12 से 18 मीटर तक थी। लॉक टूटने से सारे पाइप पाइप उसके ऊपर आ गिरे। विकास पाइपों के नीचे दब गया। उसको आनन फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला नागरिक अस्पताल में लाया गया। थाना सदर पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। विकास की मौत से उनके घर पर मातम छाया हुआ है। विकास की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। उसे करीब चार माह पहले दो जुड़वां लड़की पैदा हुई थी। इनमें से एक की मौत हो गई थी। थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि परिजनों ने हादसा इत्तफाक से होना बताया है। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया गया है।