समालखा। मनाना-नारायणा रोड पर नारायणा अंडरपास का निर्माण शुरू होते ही सोमवार को विवाद खड़ा हो गया। अंडरपास का रास्ता एक तरफ किए जाने की सूचना पर मनाना गांव और राजीव कॉलोनी के लोग पहुंच गए और काम रुकवाया दिया। ग्रामीण दलबीर, चांद, गिरराज, बिजेंद्र, काला और सत्यवान ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदारों ने जेई से मिलीभगत कर रास्ते को एक तरफ कराया है।
उनका कहना है कि इससे मनाना गांव, राजीव कॉलोनी वार्ड-17 और कश्यप कॉलोनी की ओर जाने वाला रास्ता बंद हो जाएगा। इससे लोगों को दस किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।
ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों ने वैश्य कन्या महाविद्यालय में विधायक मनमोहन भड़ाना से मुलाकात कर निर्माण कार्य रुकवाने और मनाना की तरफ अंडरपास का रास्ता खुलवाने की मांग की। विधायक के निर्देश पर उनके पीए शेखर और नगर परिषद सचिव मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्च अधिकारियों से बातचीत की, जिसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मनाना की तरफ रास्ता नहीं खोला गया तो वे टेंट लगाकर धरना शुरू करेंगे। बोले-समस्या का समाधान होने तक धरना जारी रहेगा।