समालखा। श्री माधव इंटरनेशनल टेनिस सेंटर में आयोजित 2.5 लाख रुपये कुल पुरस्कार राशि वाले महिला राष्ट्रीय रैंकिंग टेनिस टूर्नामेंट के क्वालिफाइंग मुकाबले प्रतिस्पर्धात्मक और उच्च स्तरीय खेल भावना के साथ संपन्न हो गए। यह प्रतियोगिता ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है और राष्ट्रीय रैंकिंग अंकों की दृष्टि से विशेष महत्व रखती है। क्वालिफाइंग ड्रॉ में 64 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें देशभर की उभरती प्रतिभाएं और वरीयता प्राप्त खिलाड़ी शामिल रहीं। कोर्ट पर खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता, फिटनेस और मानसिक मजबूती का शानदार प्रदर्शन किया।
क्वालिफाइंग फाइनल में अक्षिता अंतिल ने एकतरफा मुकाबले में हंसिका सिंह को सीधे सेटों में 6-0, 6-0 से पराजित कर मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई। वहीं आशी कश्यप ने कड़े मुकाबले में लावन्या श्रीकृष्ण को 7-5, 7-6(1) से हराकर अपना स्थान पक्का किया। इसके अलावा दानवी काले, सैरी शर्मा, दिव्यांशी गोहिल और साक्षी चौधरी ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की सराहना बटोरी। टूर्नामेंट का संचालन एआईटीए के नियमों व अधिकृत अंपायरिंग प्रणाली के तहत किया जा रहा है। एआईटीए रेफरी सुजीत बंदोपाध्याय की निगरानी में प्रतियोगिता सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ रही है। अब सभी की नजरें मुख्य ड्रॉ मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां देश की शीर्ष वरीय महिला खिलाड़ी खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। खेल प्रेमियों को आने वाले मुकाबलों में ओर अधिक रोमांचक संघर्ष देखने की उम्मीद है।