खोखे को आक्रोशित महिलाओं ने उखाड़ फेंका।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हुडा के सेक्टर 18 में ग्रीन बेल्ट के सामने ठेका खोलने के लिए तैयार किए जा रहे लोहे के खोखे को आक्रोशित महिलाओं ने उखाड़ फेंका। आरोप है कि यहां ग्रीन बेल्ट की जगह में ठेकेदार द्वारा बिना परमिशन के ही खोखा तैयार कराया जा रहा था। महिलाओं के गुस्से को देखते हुए ठेकेदार को मौके से नौ-दो ग्यारह होना पड़ा। हालांकि मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर 6 पुलिस चौकी की एक पीसीआर भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को शांत करने का प्रयास किया। परंतु महिलाओं ने पुलिस वालों की भी एक नहीं सुनी।
हुडा के सेक्टर 18 में ग्रीन बेल्ट के सामने एक ठेकेदार ने कई दिनों से लोहे का खोखा तैयार कराया जा रहा था। वीरवार शाम तक खोखे का लगभग पूरा हिस्सा तैयार हो चुका था। ठेकेदार द्वारा यहां पर ठेका खोले जाने को लेकर हुडावासी महिलाएं भड़क गई और दर्जनों की संख्या में खोखे के पास पहुंची। महिलाओं ने ठेकेदार को यहां ठेका खोलने के लिए परमिशन दिखाने को कहा, लेकिन ठेकेदार परमिशन दिखाने की बजाय दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। जिसको लेकर महिलाएं भड़क गई और लोहे के खोखे को तोड़ना शुरू कर दिया। महिलाओं के गुस्से को देखते हुए पुलिस पीसीआर को भी वापस लौटना पड़ा। महिलाओं ने बताया कि ठेकेदार द्वारा हुडा की जमीन में खोखा रखने की किसी से परमिशन नहीं ली है और वह किसी कीमत पर भी रिहायशी क्षेत्र में शराब का ठेका नहीं खोलने देंगी। वीरवार की देर शाम मामले को बढ़ता देख थाना शहर के प्रभारी सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे।