पानीपत। हनुमान जन्मोत्सव पर मंगलवार को होने वाली रथयात्रा के प्रचार के लिए शनिवार को कार यात्रा निकाली गई। जिसमें इनर व्हील क्लब, श्री वूमेन पावर क्लब, लाइनस क्लब पानीपत ग्रेटर, लाइनस क्लब व रोटरी क्लब पानीपत रेनबो ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
ललिता भाटिया व पूर्व मेयर अवनीत कौर ने ध्वज दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। औद्योगिक घरानों की सुप्रसिद्ध समाजसेविकाएं हनुमान के यशोगान के लिए सड़कों पर उतरी। कार रैली के संयोजक सुमित मित्तल ने बताया कि यह पहला मौका है जब पानीपत के हर इलाके से महिलाएं सड़कों पर जाकर हनुमान के प्रचार प्रसार में जुटी हैं। पूर्व मेयर अवनीत कौर ने खुली गाड़ी में राम ध्वज उठाकर रैली की अगुवाई की। यात्रा ने जिमखाना क्लब से शुरू होकर नवांकोट गुरुद्वारा, साईं बाबा चौक, जीसी गुप्ता अस्पताल से जीटी रोड, जाटल रोड, आठ मरला पुलिया से गोल चक्कर लगाते हुए सनातन धर्म मंदिर मॉडल टाउन में पहुंची। यहां मंदिर प्रधान तरुण गांधी ने स्वागत किया। इस मौके पर सनातन धर्म संगठन के प्रधान कृष्ण रेवड़ी, सबको रोशनी फाउंडेशन के प्रधान सतबीर गोयल, विकास गोयल, मुल्कराज गर्ग, कंवर रविंद्र सैनी, डॉ. पूजा मेहंदीरता, प्रीति सिंगला, सीमा चोपड़ा, रुचि मित्तल व कालिंदी सिंह मौजूद रही।