माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के कच्चा कैंप पूरेवाल कॉलोनी में सात दिन पहले लापता हुई रजनी (46) की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने गौरव और शुभम को गिरफ्तार कर जब पूछताछ की तो इसका खुलासा हुआ। थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि गौरव और शुभम ने बताया है कि रुपये के लेन-देन में गला दबाकर हत्या कर शव नहर में फेंक दिया था।
पूरेवाला कॉलोनी निवासी अनमोल ने सात सितंबर को पुराना औद्योगिक थाने में शिकायत देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी उनका कहना था कि उनकी मां रजनी किसी काम से घर के बाहर गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं आई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने उनके घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें पड़ोस में रहने वाला गौरव उनके साथ नजर आया। जिसके बाद पुलिस ने गहनता से जांच शुरू कर दी।
जांच में पता चला कि रजनी और गौरव की करीब 12 बजे घर के बाहर गली में बात हुई थी। जिसके बाद वह एक ऑटो में बैठकर वहां से चली गई। पुलिस फुटेज के आधार पर सौंधापुर के पास पहुंची। जहां पर वह एक घर में जाती हुई दिखी। जहां पर गौरव भी आ गया। इसके बाद उनकी कुछ बात हुई और करीब एक घंटे के बाद वहां से निकल गई। लेकिन फिर उसका पता नहीं चला।
पुलिस ने गौरव और शुभम से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने रजनी की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। पूछताछ में गौरव ने बताया कि उसने रजनी को करीब दो लाख रुपये देने थे। वह पैसों का दबाव बना रही थी। जिस कारण उन्होंने योजना बनाकर उनकी हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया। पुलिस ने बुधवार शाम को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि अब पुलिस ने गौरव व शुभम के खिलाफ मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी है। वीरवार को दोनों को अदालत के सामने पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। साथ ही नहर से शव बरामद करने का भी प्रयास किया जाएगा।