जिले के जौंधन कलां गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। थाना इसराना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला थाना इसराना के अंतर्गत जौंधन कलां गांव में शनिवार रात का है। शीला (23) की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर बात मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना इसराना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शवगृह में रखवाया। पुलिस ने मायका पक्ष के लोगों को इसकी सूचना दी। उसके मायका पक्ष के लोग रविवार को सिविल अस्पताल पहुंचे।
मृतका के चाचा रामकरण ने बताया कि शीला ने शनिवार दोपहर को फोन किया था। उस वक्त वह काफी रो रही थी। उसने काफी पूछने के बाद भी कुछ नहीं बताया। शीला की शादी 2011 में हुई थी। उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर शादी में दान-दहेज दिया था, लेकिन शादी के कुछ ही दिन बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने शीला को ताने देने शुरू कर दिए। उनके बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत भी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि शीला के पति रामनिवास ने तीन साल पहले एक लाख रुपये व मोटरसाइकिल की मांग की थी।
उन्होंने उसकी मांग को पूरा करने से मना कर दिया। जिसके बाद परिवार के लोग उसको तंग करने लग गए। उन्होंने कहा कि सुसराल पक्ष के लोग शीला की मौत का कारण हार्ट अटैक बता रहे हैं। आरोप है कि शीला के हाथों पर सूजन है, जिससे उसकी हत्या करना प्रतीत होता है।
जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि जौंधन कलां गांव में एक महिला की मौत हुई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।