समालखा। जीटी रोड पर झट्टीपुर गांव के पास सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे सिवाह गांव के पास एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । समालखा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कैथल के गुरुनानकपुरी कॉलोनी निवासी कृष्ण जीत ने बताया कि वो अपनी मामी सीमा (42) व मौसा जीत राम के साथ कार में कैथल से फिराेजाबाद यूपी जा रहा था। जीटी रोड पर झट्टीपुर गांव के पास उसने कार रोकी थी। उसकी मामी सीमा सड़क पार करते दूसरी तरफ लघुशंका करने जा रही थी। सड़क पार करते वक्त एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसको टक्कर मार दी। इससे उसकी मामी सीमा सड़क पर गिर गई और उसके सिर पर गंभीर चोटें आई। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार वहां से फरार हो गया। वो कार में अपनी मामी सीमा को लेकर सिवाह गांव स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।