पानीपत। रिसालू गांव में महिला व उसके तीन बेटों ने एक घर में घुसकर महिला को पीटा और उससे 7500 रुपये छीन लिए। महिला के साथ आरोपी परिवार की कई दिनों से रंजिश चल रही थी। महिला ने जिला नागरिक अस्पताल में अपना इलाज कराकर सेक्टर 29 थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला व उसके तीनों बेटों पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इनकी धरपकड़ में जुटी है।
रिसालू गांव निवासी सतवंती ने बताया कि वह दूध बेचकर परिवार का पालन पोषण करती है। गांव का सुनील उससे रंजिश रखता है। मंगलवार शाम को वह घर बैठी थी। सुनील उसके घर में घुस आया। सुनील उसके साथ गाली गलौज करने लगा। उसके हाथ में 7500 रुपये देखकर वह पैसे मांगने लगा। उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। सुनील यहां से चला गया वह कुछ देर बाद अपनी मां कृष्णा व दो भाइयों रोहित व राहुल के साथ उसके घर आया। आते ही सुनील ने उसे डंडा मारा। कृष्णा ने अपने बेटे राहुल व रोहित के साथ मिलकर उसकी थप्पड़ से पिटाई कर दी। सुनील उससे 7500 रुपये छीनकर ले गया। उसकी पुलिस से मांग है कि आरोपियों पर उचित कार्रवाई की जाए।