माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। ठगों ने नांगल खेड़ी गांव के एक युवक के पास काॅल कर टाटा स्काई कंपनी का कर्मचारी बताया। उन्होंने उसको रिचार्ज में छूट देने के नाम पर अपनी बातों में उलझाया और एनी डेस्क ऐप डाउनलोड कराकर उसके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। साइबर अपराध थाना पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नांगल खेड़ी गांव निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 सितंबर 2023 को उसने अपना टाटा स्काई कनेक्शन का रिचार्ज कराने के लिए गुगल पर टोल फ्री नंबर देखकर कॉल की थी। कुछ देर बाद उसके पास एक नंबर से कॉल आई। काॅल करने वाले ने खुद को टाटा स्काई कंपनी का कर्मचारी बताकर उसने कहा कि उसको कंपनी की ओर से उसको 200 रुपये वापस किए जा रहे हैं। इसके बाद उसने उसके मोबाइल पर एनी डेस्क ऐप डाउनलोड कराया और खाते की जानकारी लेकर उसके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। उसने 1930 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत पर सेक्टर 29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। शुक्रवार को इस केस को साइबर अपराध थाना पुलिस को भेज दिया गया है। अब साइबर अपराध थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।