समालखा। तार व टूटे खंभे को हटाते बिजली व पुलिस कर्मी, साथ लगी वाहनों की कतारें।
- फोटो : Panipat
जीटी रोड चौड़ीकरण के कार्य में लगे हुए डंपर की टक्कर से बिजली कार्यालय और गीता आश्रम के सामने हाईवोल्टेज तार टूट कर जीटी रोड पर गिर गईं। इससे नेशनल हाईवे 44 पर पौन घंटा जाम लगा रहा। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही बिजली अधिकारी, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तारों को रोड से हटवाया और बिजली सप्लाई दुरुस्त की।
जानकारी के अनुसार जीटी रोड पर चल रहे निर्माण कार्य में लगा एक डंपर रविवार दोपहर सवा एक बजे अंडरपास की साइट से दिल्ली की तरफ जा रहा था। डंपर को चालक द्वारा नीचे नहीं किया गया था और इस कारण सबसे पहले पावर हाउस के सामने जौरासी फीडर की तारों को तोड़ दिया। यहां पर तारों के साथ ही बिजली पोल भी टूट कर नीचे आ गिरा। इसके बाद डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर गीता आश्रम के सामने से जीटी रोड की दूसरी तरफ जा रही आश्रम फीडर की तारों को तोड़ दिया। हाइवोल्टेज 11 केवी की तार के नीचे गिरने से वाहनों का आवागमन रुक गया। सूचना लगते ही पावर हाउस से सप्लाई को बंद किया गया। वहीं चौकी इंचार्ज राजकुमार, हाईवे इंचार्ज राजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली कर्मियों की मदद से तार हटवाकर यातायात शुरू करवाया। जेई कुलदीप ने बताया कि जौरासी लाइन की तारे टूटने से जौरासी के दोनों एपी तथा एक डीएस फीडर, करहंस फीडर तथा आश्रम फीडर, जीटी रोड, एसएसए फीडर की सप्लाई बंद हो गई। इसे दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। चौकी इंचार्ज राजकुमार का कहना है कि शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। यातायात को सुचारु करवा दिया गया है।