नूरवाला अड्डे स्थित शराब के ठेके पर शनिवार की रात चार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में शराब ठेकेदार को दो गोलियां सीने और हाथ पर लगी, जबकि उनके ड्राइवर को भी एक गोली लगी। इस दौरान ठेके पर शराब लेने आए एक ग्राहक को भी गोली लग गई। तीनों को गंभीर हालत में प्रेम अस्पताल में भर्ती कराया गया। ठेकेदार और उसके ड्राइवर की ओर से की गई क्रॉस फायरिंग में एक हमलावर की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी तीन बदमाश मौके से फरार हो गए। दोनों ओर से हुई करीब 25 राउंड फायरिंग से नूरवाला अड्डे पर हड़कंप मच गया। मारे गए बदमाश की पहचान नहीं हो सकी है।
वारदात रात नौ बजे की है। गांव खलीला निवासी शराब ठेकेदार अजीत उर्फ जीता बाथरूम जाने के लिए अपने ठेके से बाहर आए थे। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाश आए। इनमें से एक बदमाश ने ठेके पर जाकर शराब खरीदी और बाकी इंतजार करने लगे। इतने में ठेकेदार अजीत बाथरूम से बाहर निकला और घर जाने के लिए अपनी कार में बैठने जा रहा था। इतने में शराब खरीदने वाले बदमाश समेत बाकी तीन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। ठेकेदार अजीत और उनके ड्राइवर सागर ने क्रॉस फायरिंग की। ठेकेदार के भाई सुुरेंद्र ने बताया कि ठेकेदार का गनर दिलबाग मौके से भाग खड़ा हुआ और इस दौरान एक ग्राहक धर्मेंद्र को भी गोली लग गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाई से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी, जिसे नहीं देने पर उन पर हमला किया गया है। उन्होंने बताया कि पहले भी पांच बार हमला हो चुका है। मौके पर डीएसपी पूजा डाबला, सीआईए-1, 2, 3, सीआईए-क्राइम, एसएचओ सेक्टर-13, 17 ने पहुंचकर जांच शुरू की। मौके से दो कट्टे बरामद किए गए हैं। क्रॉस फायरिंग में मारे गए हमलावर की शनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।