पानीपत। टीडीआई सेक्टर 23 में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन के घोटाले में कहने को तो चार जांच शुरू हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई भी जांच निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। इसके खिलाफ जन आवाज सोसायटी मंगलवार से भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू करने जा रही है। सबसे पहले नगर निगम को ज्ञापन सौंप कर अधिकारियों से सवाल किए जाएंगे कि उन्होंने यूडी लैंड, पार्क, मंदिर और ग्रीन बेल्ट जैसी जगहों की प्रॉपर्टी आईडी कैसे बना दी। इसके लिए निगम अधिकारियों ने क्या दस्तावेज लिए हैं। इसके बाद तहसील में प्रदर्शन कर सवाल पूछे जाएंगे कि उन्होंने सरकारी जमीन की कैसे रजिस्ट्री करा दी। फिर डीटीपी को ज्ञापन दिया जाएगा कि सरकारी जमीन बेचने में संलिप्त अधिकारियों पर डीटीपी ने क्या कार्रवाई की है। अब तक कितनी सरकारी जमीन को बेचा गया है। इस पर डीटीपी ने कितनों को नोटिस दिए हैं और नोटिस के बाद क्या कार्रवाई की गई है। फिर चांदनीबाग पुलिस से सवाल होंगे कि पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं की है।
गौरतलब है टीडीआई सेक्टर 23 में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को बेचने में टीडीआई प्रबंधन की ओर से अपने ही वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ पुलिस को भी शिकायत दी जा चुकी है। इस घोटाले की जांच यूं तो नगर निगम, डीटीपी, तहसील और पुलिस भी करने पर जुटे हैं लेकिन अभी तक किसी ने भी जांच का निष्कर्ष नहीं निकाला है।
जन आवाज सोसायटी के प्रधान जोगिंद्र स्वामी ने कहा कि सोमवार को सरकारी अवकाश है। इसलिए मंगलवार को सबसे पहले निगम के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद बारी बारी से तहसील, डीटीपी और पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने दावा किया कि सभी प्रशासनिक अधिकारी इस घोटाले को जान बूझ कर दबाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की गई तो वे डीसी को ज्ञापन सौंपेंगे। इस मामले को लेकर उन्होंने पहले की सरकार और कई जांच एजेंसियों को पत्राचार किया है।