पानीपत गोहाना नेशनल हाईवे पर नौल्था के पास डिडवाड़ी मोड़ पर बाइक सवार दंपती एक कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल दंपती को पानीपत के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां पत्नी ने दम तोड़ दिया। पति को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है, लेकिन परिजन उसे उपचार के लिए पानीपत के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए।
नौल्था निवासी विजय अपनी बाइक पर अपनी पत्नी कमलेश के साथ डिडवाडी रोड से नेशनल हाईवे आ रहे थे, तभी पानीपत की तरफ से आ रही एक कार की चपेट में आ गए। हादसे में विजय और उसकी पत्नी कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पत्नी कमलेश को मृत घोषित कर दिया। विजय को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया। बाद में उसे पानीपत के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।