पानीपत। दिन-प्रतिदिन गर्मी व लू अपना भीषण रूप दिखाने लगी है। शुक्रवार को जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार करने की संभावना है। भीषण गर्मी और लू को प्रकाेप को देखते हुए विद्यार्थियों को गर्मी के प्रभाव से बचाने के लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों के समय में 31 मई तक के लिए बदलाव किया है। स्कूलों में समय के बदलाव को लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए हैं।
निर्देशानुसार एक शिफ्ट वाले स्कूलों में सुबह 7 बजे स्कूल लगेगा और दोपहर 12 बजे छुट्टी कर दी जाएगी। वहीं दोहरी शिफ्ट वाले स्कूलों में पहली शिफ्ट के लिए सुबह 7 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट में सुबह 11.45 बजे से शाम 4.15 बजे तक स्कूल का समय निर्धारित किया गया है। स्कूलों के समय में यह बदलाव 31 मई तक के लिए किया गया है।
गर्मी की विभीषिका से तृष्त हुआ आमजन
बता दें कि गर्मी व लू का प्रकोप इन दिनों अपने चरम पर है। मई के दूसरे पखवाड़े की शुरूआत में ही अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार जाने की संभावना है। गर्मी व लू के प्रकोप को देखते हुए मौसम विभाग ने जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। सूर्य देव की आग बरसाती दोपहरी को देखते हुए लोग घरों, दुकानों व कार्यालयों में दुबकने को मजबूर हैं। बढ़ती गर्मी व लू से बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित न हो, इसको लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने निर्देश जारी किए हैं।
वर्जन-
गर्मी व लू के प्रकोप को देखते हुए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने 31 मई तक स्कूलों के समय में बदलाव किया है। स्कूलों के समय में हुए बदलाव को लेकर सभी स्कूल प्रमुखों को अवगत करा दिया गया है। बच्चों का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। निदेशालय के आदेशों का पालन किया जाएगा।
- राकेश बूरा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पानीपत।