सनौली। सनौली-बापौली की मंडी में उठान न होने से लाखोंं क्विंटल गेहूं बारिश में भीग गया है। किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीर दिखाई दे रही हैं। सनौली मंडी में शेड न होने से खुले में गेहूं की बोरियां व ढेर लगे हैं और बापौली मंडी में मात्र एक शेड है। एजेंसियों द्वारा गेहूं में नमी बता कर कई-कई दिनों बाद गेहूं की खरीद कर रही हैं। अगर जल्द ही मंडी में पड़ी गेहूं को उठाया नहीं गया तो किसानों को और नुकसान हो सकता है। किसान सुनील, सतीश पाल, राजेश, कृष्ण, विनोद और नरेश का कहना है कि अचानक बारिश हो जाने से सनौली मंडी में गेहूं बेचने आए थे मगर जगह की कमी व शेड न होने पर बारिश में गेहूं के ढेर भीग गया है। अब दो दिनों तक गेहूं को सुखाना पड़ेगा। फिर इसकी खरीद होगी। जिससे किसानों को भी परेशानी हो रही है। खरीद एजेंसी वेयर हाउस के प्रभारी धीरपाल व मंडी सचिव सविता ने बताया कि बारिश में गेहूं भीग गया है। अब सूखने के बाद ही खरीद शुरू की जाएगी। खरीदा गेहूं सूखने पर ही उठान कर गोदाम में रखवाया जाएगा। मंडियों से गेहूं का उठान जल्द ही शुरू किया जाएगा और पानी निकासी समस्या हल की जाएगी।