पानीपत। इस बार राशन डिपो पर बाजरा अपनी 23.81 प्रतिशत की कटौती समेत गेहूं की हो रही 18.50 प्रतिशत कटौती की भी भरपाई करेगा। जिससे जिले के 111967 राशन कार्ड धारकों में से 47372 लोग बाजरा ही खाएंगे। हालांकि राशन डिपो पर पहुंचने के बाद पहले गेहूं और बाजरा दिया जाएगा। चूंकि गेंहू की की कटौती जारी रहेगी इसलिए बाद में आने वाले उपभोक्ताओं को गेहूं समाप्त होने पर बाजरा दिया जाएगा। जबकि इससे पहले 20713 लोगों को गेहूं और 26659 लोगों को बाजरा नहीं मिल रहा था।
जिले के 1.11 लाख लोगों को राशन वितरण करने का काम 510 डिपो होल्डर करते आ रहे हैं। राशन की किल्लत पूरी कराने को लेकर एसोसिएशन की ओर से सरकार को ज्ञापन तक सौंपा गया था। जिसके चलते चेतावनी दी गई थी कि अगर राशन पूरा नहीं दिया गया तो डिपो होल्डर धरना प्रदर्शन तक करेंगे। अब सरकार ने मांगे मान ली हैं इसलिए एसोसिएशन ने अपना धरना स्थगित कर दिया है।
सरकार ने इस बार 28 दिसंबर को इसे लेकर जिले भर के खाद्य आपूर्ति नियंत्रकों के पास पत्राचार भी किया है। जिसमें स्पष्ट है कि जनवरी में 9.07 लाख क्विंटल राशन की आवश्यकता है। जिसमें से 3.22 लाख गेहूं और 3.40 बाजरे का आवंटन किया जा चुका है। राशन कार्ड लाभार्थियाें को पूरा राशन देने के लिए इस बार सरकार ने 2.45 लाख क्विटंल अतिरिक्त बाजरा देने का फैसला किया है।
बॉक्स
अब ऐसे मिलेगा राशन
सरकार ने एएवाई कार्ड धारकों को 17 किलोग्राम बाजरा और 18 किलोग्राम गेहूं प्रति परिवार देने का निर्णय लिया है। इसी प्रकार बीपीएल कार्ड धारकों को 2.5 किलोग्राम बाजरा और 2.5 किलोग्राम गेहूं प्रति सदस्य देने का फैसला किया है। जब डिपो पर गेहूं समाप्त हो जाएगा ऐसी स्थिति में एएवाई परिवार को 35 किलो बाजरा और बीपीएल को पांच किलो बाजरा प्रति व्यक्ति दिया जाएगा।
बॉक्स
इस बार इतने राशन की होगी अलॉटमेंट
अधिकारियों ने बताया कि जिले को नियमित तौर पर 6745 क्विंटल राशन दिया जाता है। इस बार अतिरिक्त राशन 5821 क्विंटल मिलेगा, जो कुल योग 12567 क्विंटल होगा। वहीं केंद्रीय सरकार की ओर से एमएसपी आधारित राशन 17408 क्विंटल होगा। यानी जिले को इस बार 29975 क्विंटल राशन का अलॉटमेंट किया जाएगा।
वर्जन:
सरकार ने भेजा राशन : प्रधान
सरकार ने राशन बढ़ाकर भेजा है, इससे लाभार्थियों को निश्चित ही लाभ मिलेगा। इसे लेकर जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर की एसोसिएशन ने सरकार को कई बार ज्ञापन भी भेजा था। अंतत: सरकार ने सुनवाई की जिससे जरूरतमंदों को उनके हक का निवाला मिल सकेगा।
कन्हैया कुमार, प्रधान, डिपो होल्डर एसोसिएशन