इसराना। खालसा प्रचार गुरुद्वारा संत भवन इसराना साहिब में रविवार को श्री गुरु अर्जुन देव की लासानी शहादत को समर्पित व संत बाबा संतोख सिंह की याद में सालाना समागम मनाया गया। समागम में प्रदेश के अलावा पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड से संगत पहुंची।
इस अवसर पर संत बाबा राजेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि हमें गुरुओं के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। हम सच्ची लग्न व मेहनत से कार्य करें तो अवश्य कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग सही रास्ते पर चलें, सकारात्मक कार्य करें व समाज व देश में फैली बुराइयों को समाप्त करने के लिए कार्य करें। इससे देश व समाज तरक्की के रास्ते पर बढ़ सकता है। युवाओं को नशे व बुराइयों से दूर रहना चाहिए।
उन्हाेंने कहा कि गुरु अर्जुन देव द्वारा मुगल साम्राज्य के जुल्म के खिलाफ दी गई लासानी शहादत व संत बाबा संतोख सिंह की याद में सालाना समागम मनाया जाता है। समागम में अमृतसर से हजूरी रागी भाई कुलदीप सिंह, कथावाचक ज्ञानी मनदीप सिंह मुक्तसर वाले व ढाड़ी जत्था भाई जसबीर सिंह मान ने गुरबाणी का पाठ व सिख इतिहास के प्रसंग सुनाया। बाबा फतेह सिंह एकेडमी इसराना साहिब के छात्रों ने प्रारंभिक शबद कीर्तन कर समागम का शुभारंभ किया। पानीपत की पूर्व मेयर अवनीत कौर व पूर्व मेयर भूपेंद्र सिंह ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक संत बाबा राजेंद्र सिंह खालसा से आशीर्वाद लिया। संत ने उनको सरोपा भेंट किया। श्री रहिरास साहिब सेवा सिमरन सोसायटी के तत्वावधान में गुरुद्वारा संत भाई नरैण सिंह पानीपत से चलकर गुरुद्वारा इसराना साहिब पहुंचे पैदल जत्थे का भव्य स्वागत किया गया। समागम के दौरान इसराना साहिब में दिनभर अटूट लंगर बरताया गया। इस मौके पर दलविंद्र सिंह, गुरदयाल सिंह, सुखप्रीत सिह व अमनप्रीत मौजूद रहे।