सावन माह शुरू होने के साथ ही कांवड़िये हरिद्वार की ओर रवाना होने लगे हैं। इसको लेकर हरियाणा और उत्तराखंड पुलिस-प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके तहत उत्तराखंड सरकार ने इस बार कांवड़ियों के लिए कांवड़मेला2023डॉटइन नाम से एक वेबसाइट शुरू की है, जिसके माध्यम से कांवड़ियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इस वेबसाइट पर जाने के लिए स्कैन कोड का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
डायवर्जन प्लान सहित अन्य जानकारी
वेबसाइट पर कांवड़ियों के लिए पार्किंग, यातायात व्यवस्था, खोया-पाया और गैलरी जैसे लिंक उपलब्ध कराए गए हैं। पार्किंग लिंक पर जाने से कांवड़ियों को पानीपत की ओर से जाने वाले वाहनों को कहां खड़ा किया जा सकता है, इसके बारे में जानकारी मिलेगी। इसके अलावा देहरादून, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर की तरफ से आ रहे वाहन कहां खड़े होंगे। इसके बारे में भी जानकारी प्राप्त होगी।
मिलेगी पार्किंग की सुविधा
पार्किंग में छोटे और बड़े वाहनों को अलग-अलग खड़े करने की व्यवस्था बनाई गई है, जिसकी जानकारी भी पार्किंग लिंक पर उपलब्ध है। यातायात व्यवस्था लिंक पर डायवर्जन प्लान संबंधी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। कांवड़िये पहले ही पता लगा सकते हैं कि कौन सी पार्किंग में जाने के लिए उन्हें किस डायवर्जन के रास्ते से जाना होगा।
खोया-पाया लिंक पर अधिकारी का भी होगा नंबर
वेबसाइट पर खोया-पाया लिंक उन कांवड़ियों को राहत देगा जो अपने साथियों से बिछुड़ जाते हैं। यहां खोये हुए व्यक्ति का नाम, उम्र, उसके गुम होने और सुपुर्दगी की तिथि व समय के साथ-साथ उसका फोटो भी उपलब्ध होगा। वहीं गुम हुआ व्यक्ति किस अधिकारी के पास है, उसके नाम की जानकारी भी लिंक पर मिलेगी।
गैलरी में मिलेगी अपडेट तस्वीरें, चेतावनी के लिए वीडियो भी देखें
वेबसाइट पर कांवड़ियों को ड्रोन द्वारा खींची गई सुंदर तस्वीरें देखने के लिए गैलरी लिंक पर क्लिक करना होगा। यहां उत्तराखंड प्रशासन द्वारा नई अपडेट फाेटो को अपलोड किया गया है। वहीं लोगों को शर्त लगाकर नदी पार ना करने, तैराकी ना जानते हुए गहरे पानी में ना उतरने की नसीहत देने के लिए वीडियो भी देखने को मिलेगी।
अधिकारी के अनुसार
कांविड़यों को सुविधा देने के लिए वेबसाइट शुरू की गई है। कांवड़ियों के साथ ही आमजन भी इसका लाभ ले सकते हैं। इस पर तमाम जानकारी उपलब्ध हैं। इसको सरकार ने कांवड़ियों की मदद के लिए विशेष तौर पर तैयार किया है।
-अजय सिंह, एसएसपी , हरिद्वार।