फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला: पानीपत में तीन घंटे में 40 एमएम हुई बारिश, सड़कें फिर पानी से लबालब

Thu, 29 Jun 2023 11:46 AM IST
नवीन दलाल संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत (हरियाणा)

सार

हरियाणा में मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इस कड़ी में प्रदेश के कई जिलों सुबह बारिश देखने को मिली है। वहीं, पानीपत में पिछले पांच दिनों से हो रही बारिश के कारण रोजाना इंसार बाजार में पानी भर रहा है।
विज्ञापन
हरियाणा में मौसम बदला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पानीपत शहर में सुबह 8 बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद साढ़े 11 बजे तक बूंदाबांदी जारी रही। तीन घंटे में 40 एमएम से अधिक बारिश हो चुकी है। 10 साल बाद मानसून में ऐसी झड़ी लगी हुई है कि साल 2013 तक के बारिश के पुराने रिकॉर्ड टूट गए हैं। बारिश होते ही शहर की सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव नजर आया। जीटी रोड पर भरे डेढ़ फुट पानी के बीच से लोग अपने कामकाज पर जाते दिखे।

विज्ञापन


कॉलोनियों में गलियों और सड़कों पर भरा पानी
कपड़े भीगने से बचाने के लिए अधिकतर लोगों ने गंतव्यों पर जाने के लिए कार का इस्तेमाल किया। जीटी रोड पर बस स्टैंड, एसडी कॉलेज, एसबीआई, संविधान चौक, खादी आश्रम के पास जलभराव हो गया। देवी मंदिर रोड, सेक्टर 11-12, सुखदेव नगर, वधावा राम कॉलोनी, तहसील कैंप, हरिनगर, इंद्रा कॉलोनी के साथ-साथ 30 से अधिक कॉलोनियों में गलियों व सड़कों पर पानी भर गया है। सनौली रोड पर हालात इतने खराब हैं कि वाहन चालकों ने उधर जाना ही बंद कर दिया है। निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण लोगों में रोष है।

बरसात होते ही धंसी सड़क, दुकानदारों ने जताया रोष
देवी मंदिर रोड पर कंवरपाल की दुकान के पास गुरूवार सुबह 10 बजे सड़क धंस गई। सड़क के बीचोंबीच लगभग एक फुट गहरा गड्ढा बन गया। कार चालकों को दूसरी गलियों से गाड़ी लेकर जाना पड़ा। दुकानदारों ने बताया कि दुपहिया चालकों के गड्ढे में गिरने का डर है। वार्ड 5 पार्षद अनिल बजाज को सूचना दी तो उन्होंने फोन पर ही वीडियो भेजने की बात कहकर फोन रख दिया।
विज्ञापन


इंसार बाजार में भरा पानी, दुकानदार चिंतित
पिछले पांच दिनों से हो रही बारिश के कारण रोजाना इंसार बाजार में पानी भर रहा है। दुकानदार पानी भरने के बावजूद भी सुबह 10 बजे दुकान पर पहुंच जाते हैं। लेकिन बाजार में भरे पानी की वजह से ग्राहकों ने बाजार में आना भी कम कर दिया है। दुकानदार सुरेश बवेजा ने बताया कि मंदी की वजह से पहले ही मार्केट में काम कम है। अब बरसात के कारण ग्राहक कम आने से चिंता बढ़ती जा रही है।

नारनौल में बूंदाबांदी शुरू, गर्मी से मिली राहत

नारनौल व आसपास के क्षेत्र में वीरवार सुबह 11 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे मौसम सुहावना हो गया। बूंदाबांदी के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बूंदाबांदी के बाद लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे। हालांकि बीच-बीच में हल्की धूप भी निकल रही थी। सुबह साढे़ 10 बजे आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगी। लगभग 11 बजे हल्की बूंदाबांदी क्षेत्र में चालू हो गई। इससे लोगों को राहत मिली है। वहीं तापमान में भी तीन से चार डिग्री की कमी दर्ज की गई है। वीरवार सुबह अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया है।

आसमान में छाए बादल, शहर में कुछ देर हुई बूंदाबांदी, फिर चलने लगी ठंडी हवाएं

सोनीपत में वीरवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए है। सुबह के समय शहर में कुछ देर बूंदाबांदी हुई थी, उसके बाद ठंडी हवाएं चलने लगी। बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस से काफी हद तक राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञ पहले ही बारिश का अलर्ट जारी कर चुके हैं। बारिश होने से धान की रोपाई में जुटे किसानों को फायदा मिलेगा।
विज्ञापन

तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई

कैथल में वीरवार का एक बार फिर मौसम परिवर्तनशील हुआ है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और 11 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चल रही है। वीरवार को बादल छाए रहने के कारण तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानिकों के अनुसार आगामी दो-तीन दिन तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। असमान में बादल छाए रहने व कहीं कहीं पर बूंदाबांदी होने की संभवना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें