कुरुक्षेत्र। पिछले तीन चार दिन से चल रही सर्द हवाओं ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। मंगलवार को 13 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा ने वातावरण में ठंडक बढ़ाई। पिछले तीन दिनों में तापमान में छह डिग्री तक गिरावट देखने को मिली।
वहीं प्रदूषण के स्तर में भी कमी आई है। मंगलवार को प्रदूषण का स्तर 125 रहा। जो कि सप्ताह भर से 135 से 155 के बीच में चल रहा था। वहीं मौसम विशेषज्ञों ने 48 घंटे में मौसम में बदलाव आने की बात कही है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11 सेल्सियस डिग्री रहा।
मौसम में बदलाव और सर्दी बढ़ने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है। इससे बाजार में गर्म कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी है। बाजार में स्वेटर, हाफ स्वेटर, कोट, पैंट, मफलर, टोपी, शॉल आदि की खरीदारी की जा रही है। मौसम में आए परिवर्तन से गर्म कपड़ों के बाजार में गर्मी आ गई है। दुकानदार उत्साहित नजर आ रहे हैं।
हृदय व ब्लड प्रेशर के मरीज ठंड से बचें : जिला अस्पताल के चेस्ट एंडी टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव चावला ने कहा कि हृदय और ब्लड प्रेशर के मरीज घर से निकलने से पहले सावधानी बरतें । सुबह- सुबह व शाम के समय सर्दी का अहसास ज्यादा होने लगता है। यही कारण है कि ठंड की शुरुआत में लापरवाही बरतने के कारण लोग अक्सर बीमार होने लगते हैं। ठंड में वृद्धि होने होने से खासकर रात में सफर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ठंड के समय में बदन को पूरी तरह ढक कर चलें। डॉ. चावला ने कहा कि ठंड में खून तेजी से जमता है। इससे हार्ट अटैक के साथ ब्रेन में खून का थक्का जम जाता है। जिससे पैरालिसिस या मौत तक हो सकती है। ठंड से बचाव के लिए हृदय और ब्लड प्रेशर के मरीज गर्म कपड़ों को पहनकर ही घर से बाहर निकले