माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। मानसून की शुरुआती बारिश ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एचएसवीपी और एनएचएआई की पानी निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। लगातार चौथे दिन हुई बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव बना रहा। जीटी रोड को छोड़ अधिकांश सेक्टरों, कॉलोनियों, उझा रोड और असंध रोड पर लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ी। पानीपत-जींद और पानीपत-हरिद्वार स्टेट हाईवे के कई हिस्सों में भी पानी जमा रहा।
वीरवार को जिले में औसतन 15.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बापौली और मतलौडा में सबसे अधिक 19-19 मिमी, जबकि पानीपत और समालखा में 17-17 मिमी तथा इसराना में सात मिमी वर्षा हुई। कृषि विज्ञान केंद्र उझा के प्रभारी डॉ. सतपाल सिंह ने शुक्रवार को भी बारिश की संभावना जताई है।
दावे अधूरे : प्रशासन ने 30 जून तक जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा किया था। नालों और ड्रेनों की सफाई पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन सेक्टर-11-12, ज्योति कॉलोनी, विर्क नगर, पत्थर मार्केट, बबैल रोड, कुटानी रोड और काबड़ी रोड की कई कॉलोनियों में पानी भरा हुआ है।
उझा रोड पर बना तालाब : उझा रोड पर दो दिन से पानी जमा होने के कारण सड़क का संपर्क प्रभावित है। स्थानीय निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि टीडीआई की ओर से पानी निकासी बंद होने के बाद समस्या बढ़ गई है। मुख्य सड़क पर पानी भरा है।
सेक्टर-12 की सड़कों पर भी उठे सवाल : सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य निखिल चुघ ने सेक्टर-12 की जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग की। उन्होंने कहा कि गड्ढों और जलभराव से लोग रोजाना परेशानी झेल रहे हैं।
नगर निगम की टीमें लगातार नालों और सीवर की सफाई कर रही हैं। जीटी रोड और मुख्य सड़कों पर कार्य पूरा हो चुका है। अब कॉलोनियों में भी जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है।
-डॉ. पंकज, आयुक्त, नगर निगम
पानीपत-जींद स्टेट हाईवे पर ज्योति कॉलोनी के बाहर गड्ढों में फंसी ई-रिक्शा और पीछे खड़े दूसरे वा- फोटो : कर्ण स्टेडियम में महिला खिलाड़ियों का बढ़ा दबदबा
पानीपत-जींद स्टेट हाईवे पर ज्योति कॉलोनी के बाहर गड्ढों में फंसी ई-रिक्शा और पीछे खड़े दूसरे वा- फोटो : कर्ण स्टेडियम में महिला खिलाड़ियों का बढ़ा दबदबा