सेक्टर-29 पार्ट टू में एक श्रमिक ने शुक्रवार को दोस्त के साथ फिल्म देखी और फिर कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर शनिवार की सुबह दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में 174 की कार्रवाई की है।
यूपी के जिला बदायूं निवासी प्रेमराज ने बताया कि उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें चार लड़के और एक लड़की है। उसका सबसे बड़ा बेटा लोकेश (22) पिछले पांच साल से पानीपत सेक्टर 29 पार्ट टू में कंबल की फैक्ट्री में काम करता था और वहीं रहता था। उनकी वीरवार को लोकेश के साथ वीडियो कान्फ्रेंस पर बातचीत हुई थी, उस समय लोकेश परेशान चल रहा था। वहीं लोकेश के रूम पार्टनर बंटी ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने एक साथ बैठकर फिल्म देखी, जिसके बाद लोकेश अंदर चला गया और वह बाहर सो गया था। शनिवार सुबह उठकर सात बजे देखा तो लोकेश नहीं दिखा, उसने अंदर जाकर देखा तो लोकेश फंदे पर लटका हुआ था। जिसके बाद उसने फैक्ट्री मालिक व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहीं लोकेश के परिजनों को घटना की सूचना दी। रविवार को लोकेश के परिजन पानीपत पहुंचे और पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।