पानीपत। जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की। बैठक में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों पानीपत ग्रामीण, पानीपत शहर, इसराना और समालखासे संबंधित चुनावी व्यवस्थाओं, बीएलओ नियुक्तियों, मतदाता सत्यापन और मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पांच जून से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता का सत्यापन करेंगे ताकि जिले की मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और सटीक मतदाता सूची पर निर्भर करती है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने कार्यकर्ताओं एवं बीएलए-2 के माध्यम से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और आमजन को बीएलओ का सहयोग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। जिले में 9.66 लाख मतदाता हैं। इनमें से अब तक 58.88 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है। सबसे अधिक 87.3 प्रतिशत मैपिंग इसराना विधानसभा क्षेत्र में दर्ज की गई है। जिले 912 मतदान केंद्र, 912 बीएलओ और 112 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। बीएलओ 15 जून से 14 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को प्री-फिल्ड एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे और उन्हें फार्म भरने में सहायता भी देंगे। मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी अपने दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे।
1200 अधिक मतदाता होने पर नया केंद्र होगा
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। मतदान केंद्रों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं तो वहां नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे अथवा पुनर्संरचना की जाएगी। इस संबंध में राजनीतिक दलों से 5 जून तक सुझाव मांगे गए हैं।