पानीपत। समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना ने सोमवार को बापौली गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इसमें सनौली-बापौली ब्लॉक के अलग- अलग गांवों से करीब 250 से अधिक शिकायतें आईं।
विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याएं हल करने के आदेश दिए। ज्यादातर समस्याएं बिजली के खंबे, बिजली कनेक्शन और गली का निर्माण कराने संबंधी रहीं।
विधायक मनमोहन भड़ाना ने कहा कि हलके की जनता ने विधायक बना कर पांच साल सेवा करने का मौका दिया है और निरंतर जनता के बीच में रहकर लोगों की सेवा करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हलके के सभी गांव में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने देंगे। ग्रामीणों के सहयोग का कर्ज वह हलके में विकास कार्यों को गति देकर, युवाओं को रोजगार मुहैया कराकर और गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर उतारेंगे।
ग्रामीणों की सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। वे खुद लोगों के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर बीडीपीओ शक्ति सिंह, एसडीओ बिजली निगम बापौली परमिंद्र सिंह उपस्थित रहे। संवाद