इसराना। शिक्षा विभाग में ऑनलाइन तबादला नीति के चलते राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छिछड़ाना से शिक्षकों का तबदला हो गया। बच्चों को पढ़ाने वाला कोई नहीं है, जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल गेट के बाद बुधवार को बेमियादी धरना शुरू किया। अभिभावकों ने मंगलवार को स्कूल गेट पर ताला जड़कर विरोध भी किया था।
धरने की अध्यक्षता कर रहे युवा भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट संदीप रोड ने बताया कि विभाग को अल्टीमेटम दिया गया है कि अगर स्कूल से ट्रांसफर किए गए सभी अध्यापकों को तीन दिन में वापस नहीं लाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। मुख्याध्यापक एवं ड्राइंग टीचर का पद फिर से बहाल नहीं किया गया और खाली पदों को तुरंत नहीं भरा गया तो ग्रामीण और अभिभावक फिर से स्कूल पर ताला लगा देंगे। बच्चों को शिक्षा से वंचित करने पर आंदोलन होगा। बुधवार को छात्र स्कूल के अंदर पढ़ते रहे और अभिभावक स्कूल गेट पर शांतिपूर्वक धरना देते रहे। अभिभावकों का धरना सुबह नौ बजे से दोपहर 12 जे तक जारी रहा। इस मौके पर धरने पर एडवोकेट संदीप रोड़, आजाद सिंह, कवल सिंह, पवन, रवि, सुरेंद्र टिंकू, सोनिया, कमला, सरोज, मुकेश, रविता, धर्म सिंह, रामकुमार, रामफल, नरेश, सतीश, ईश्वर व राकेश शामिल रहे।