पानीपत। तहसील कैंप के राम नगर निवासी एक सुनार से तीन आरोपियों ने 15 प्रतिशत कट रेट में सोना दिलाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी पीड़ित सुनार को गुजरात लेकर गए, जहां पर बैठक कराई और उसे चार दिन में सोना दिलाने का झांसा दिया, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी न सोना मिला और न ही रुपये मिले। पीड़ित सुनार की पत्नी ने हरियाणा और गुजरात के सीएम समेत 11 जगह शिकायत भेजी है। तहसील कैंप थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहसील कैंप के राम नगर निवासी नीलम पत्नी गणेश वर्मा ने बताया कि उसके पति की सफीदों में भूसलाना के पास ज्वेलरी की दुकान है। जनवरी 2021 में पति दुकान पर गए थे, जहां उनकी मुलाकात भूसलाना गांव निवासी अनिल कुमार गुर्जर से हुई। उसने पति को 10 से 15 प्रतिशत कम रेट में सोना दिलवाने की बात कही। इसके लिए उसने पति की मुलाकात कृष्ण गोपाल वर्मा और इंदिरा कॉलोनी निवासी अनिल वर्मा से कराई। उसने पति को धंधे में 30 से 40 लाख रुपये निवेश करने के लिए दबाव बनाया। उसने इससे पहले भी 10 से 15 प्रतिशत कम रेट पर सोना लाने की बात कही थी। दबाव बनाया तो उसके पति ने मार्केट से 20 लाख रुपये ब्याज पर लेकर आरोपियों को दे दिए, लेकिन आरोपियों ने न सोना दिलवाया और न ही रुपये वापस किए। धोखाधड़ी कर 20 लाख रुपये ऐंठ लिए। इससे परिवार में आर्थिक संकट आ गया है। परिजन मानसिक और सामाजिक कष्ट से गुजर रहे हैं।
नीलम ने बताया कि उसके पति को आरोपी इनोवा कार में बैठाकर गुजरात के बड़ोदरा ले गए। अनिल गुर्जर, कृष्ण गोपाल वर्मा और अनिल वर्मा भी उनके साथ गए थे। वहां बडूच के एक फार्म हाउस में लेकर गए। वहां उन्होंने विष्णु शुक्ला नामक युवक से मुलाकात कराई। उसने उसे सोने का बिस्कुट भी दिखाया। आरोपियों ने उसे 15 लाख रुपये दे दिए। विष्णु ने तीन से चार दिनों में सोना दिल्ली भिजवाने का झूठा आश्वासन दिया। इसके बाद वह पानीपत लौट आए।
नीलम ने बताया कि उसने आरोपियों से बातचीत की तो वह पहले जल्द सोना देने का आश्वासन देते रहे, लेकिन काफी दिन बीत जाने के बाद उन्होंने पैसे लौटाने के लिए कहा। मगर अब तक न पैसे मिले और न ही सोना। उन्होंने अपने स्तर पर जांच तो पता चला कि आरोपियों का एक गिरोह है, जो इसी तरह लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे रुपये ठग लेता है।
वर्जन
महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच शुरू कर दी है। जो तथ्य निकलकर आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- फूल कुमार, तहसील कैंप थाना प्रभारी