हत्या के बाद सड़क के बीच फेंका शव
हमलावरों ने सबसे पहले हाथ में ली गंडासी, चाकू, हथौड़ी और गरारी से उसके सिर पर वार किए। जिससे वह नीचे गिर गया और हमलावर उस पर ताबड़तोड़ वार करते रहे। उनके अन्य साथी भी आए और करीब दो मिनट तक ताबड़तोड़ वार करते रहे। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हमलावरों ने उस पर 80 से अधिक वार किए। एक हमालवर के सिर पर तो खून सवार था वह बिना रूके विक्रम पर एक साथ वार करता रहा। इसके बाद उसका साथी उसे वहां से ले जाने लगा। लेकिन, कुछ दूर जाने के बाद वे वापस आए और विक्रम को सड़क किनारे से घसीटकर सड़क के बीचों-बीच डाल दिया और हवा में हथियार लहराते हुए भाग गए।
इस पूरी वारदात में सड़क पर आवाजाही लगी रही और लोग अपनी अपनी दुकानों और घरों के सामने खड़े होकर देखते रहे। इस दौरान दहशत के मारे न तो किसी ने मृतक को आरोपियों से छुड़ाने का प्रयास किया और न ही पुलिस को इसकी सूचना दी। जिस कारण हमलावर बड़े आराम से वारदात को अंजाम देकर वहां से निकल गए और भीड़ तमाशबीन की तरह तमाशा देखती रही।
सिर में मिली पांच चोट, हाथ-पैर पर निशान
मृतक विक्रम के शव का मेडिकल बोर्ड के माध्यम से पोस्टमार्टम किया गया। मृतक के सिर में चोट के पांच गहने निशान मिले। वहीं हाथ पैर और टांग पर भी चोट के निशान नजर आए। माना जा रहा है कि सिर में लगी गंभीर चोट के कारण विक्रम की मौत हुई।
परिजनों ने किया हंगामा
वेस्ट कारोबारी विक्रम की हत्या के बाद परिजनों ने शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल में पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को कई बार शिकायत दी पर कार्रवाई नहीं हुई। विक्रम के भाई संजय ने बताया कि 33 साल पहले उनके पिता चंद्रभान की रंजिश में हत्या कर दी थी। इसके बाद से आरोपी विक्रम के पीछे पड़े हुए थे। उन्होंने शनिवार को विक्रम का रास्ता रोकर उसे धमकी दी थी कि अगला नंबर तेरा है...। शाम को विक्रम जब गोदाम से वापस आ रहे थे तो आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी।