मतलौडा। पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में बुधवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम एक नवंबर तक चलेगा। इसमें सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियां और कार्यक्रम होंगे। यह आयोजन केंद्रीय सतर्कता आयोग की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि के अनुरूप है, जो एक भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के निर्माण में नागरिकों की सामूहिक भूमिका को रेखांकित करता है।
उद्घाटन समारोह ईडी एंड आरएच कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख एमएल डहरिया ने की। मुख्य प्रबंधक सतर्कता गौतम प्रिया ने स्वागत भाषण दिया। उनके साथ उप महाप्रबंधक विषक मित्तल और वरिष्ठ प्रबंधक संजीव ठाकुर भी उपस्थित रहे। इस दौरान भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के संदेशों के साथ-साथ इंडियन ऑयल के चेयरमैन और मुख्य सतर्कता अधिकारी के संदेश भी साझा किए। कर्मचारियों को पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त संगठन के निर्माण के लिए प्रेरित किया। साथ ही रिफाइनरी प्रमुख एमएल डहरिया ने इस वर्ष की सतर्कता थीम पर आधारित द्विभाषी पोस्टर जारी किए और समुदाय में सतर्कता जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सतर्कता रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया।
रिफाइनरी प्रमुख एमएल डहरिया ने कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन एक साझा मिशन है, जिसके लिए प्रत्येक व्यक्ति में ईमानदारी, प्रतिबद्धता और पारदर्शिता आवश्यक है। सतर्कता केवल अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक जीवनशैली है जो जागरूकता और आत्म-अनुशासन पर आधारित है।
21