डीआईपीआरओ कार्यालय में शराब की बोतल लेकर दिखाता कर्मचारी
- फोटो : panipat
जिले में सरकारी कार्यालयों के हालत यह हैं कि शाम होते ही यहां कर्मचारी अपने कर्म मंदिर में जाम छलकाने लगते हैं। बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीआईपीआरओ कार्यालय में जाम छलकाते और हाथ में बोतल लेकर झूमते नशे में धुत कर्मचारियों का वीडियो वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया और आनन फानन में मामले की जांच कर रिपोर्ट बनाकर चंडीगढ़ मुख्यालय भेज दी गई है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सहित तीन फोटोग्राफ वायरल हुए। यह वीडियो और फोटो डीआईपीआरओ कार्यालय के थे। वीडियो में पांच से छह लोग नशे में धुत दिख रहे हैं। यह सभी डीआईपीआरओ कार्यालय के कर्मचारी हैं। इनमें कार्यालय अधीक्षक नरेंद्र दहिया, चालक अनूप कुहाड़ सहित दो अन्य कर्मचारी हैं। वहीं फोटो में एक कर्मचारी जमीन पर चादर बिछाकर बैठा और हाथ में शराब की बोतल है। यहां तक की एक फोटो में हाथ में शराब की बोलत लेकर वह नाचता दिख रहा है। यह वीडियो और फोटो तीन अगस्त की रात का बताया जा रहा है। डीआईपीआरओ देवेंद्र ने बताया कि जांच में सामने आया है कि वीडियो तीन अगस्त की रात की है। मामले की जांच कर रिपोर्ट चंडीगढ़ मुख्यालय भेज दी गई है। वहां से आदेश आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।