सीआईए टू पुलिस टीम ने गोल गप्पे बेचने वाले अश्वनी (17) की हत्या की वारदात का पर्दाफास कर मंगलवार शाम को दो आरोपियों को ट्रक युनियन सेक्टर-25 से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान डाबर कॉलोनी निवासी केशव व राजेश के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हनुमान कॉलोनी निवासी फरार अपने साथी आरोपी गौरव के साथ मिलकर किशोर की हत्या करना स्वीकारा।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि थाना किला में नंदकिशोर पुत्र तुलाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह मूलरूप से यूपी के जालौन जिले के गांव रायपुर का रहने वाला है और हाल में पानीपत में बबैल रोड पर भारत नगर में किराये पर कमरा लेकर रहता है। वह गोल गप्पे की रेहड़ी लगाता है। उसका साला अश्वनी (17) मूलरूप से यूपी के कानपुर जिले के गांव दौलतपुर का रहने वाला है।
वह हाल में कुटानी रोड पर जगदीश नगर में परिवार सहित रहता था। वह भी गोल गप्पे की रेहड़ी लगाता था। शनिवार शाम को उसे सूचना मिली कि अश्विनी को किसी ने चाकू मार दिया जिसको इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। सूचना पर वह अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर ने अश्वनी की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर किया था। वह अश्वनी को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई लेकर जा रहे थे उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। थाना किला में नंदकिशोर की शिकायत पर हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते ही आरोपियों की पहचान व धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए टू पुलिस टीम को सौंपी थी। पुलिस टीम ने आसपास व विभिन्न स्थानों पर 100 के करीब सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पुलिस टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर मंगलवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को ट्रक यूनियन सेक्टर-25 से गिरफ्तार किया। डाबर कॉलोनी निवासी गिरफ्तार दोनों आरोपी केशव व राजेश सगे भाई हैं। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में हनुमान कॉलोनी निवासी फरार अपने साथी आरोपी गौरव के साथ मिलकर किशोर की चाकू से हत्या करना स्वीकारा।